हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गुरुवार को जलदाय विभाग वृत कार्यालय, हनुमानगढ़ का औचक निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अमृत 2.0 के तहत शहरों में जारी लगभग 98 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति जानी और कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 90.88% घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिसके साथ हनुमानगढ़ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। कलेक्टर ने हर घर जल प्रमाणन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए उन्होंने नलकूपों, हैंडपंपों और जल परिवहन से संबंधित सभी कार्य मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में वार्डवार साप्ताहिक सैंपलिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित नमूना जांच अनिवार्य रूप से करवाने को कहा। राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का भी उन्होंने संज्ञान लिया और 30 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गर्मियों में जिले में किसी भी नागरिक को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए विभाग सतत् निगरानी रखे। इस मौके पर एसई विजय कुमार वर्मा मौजूद रहें।
