
हनुमानगढ़। टाउन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह न केवल भारत के सफल प्रधानमंत्री रहे, बल्कि वे एक ऐसे अर्थशास्त्री थे जिन्होंने देश की आर्थिक दिशा और दशा को नई मजबूती प्रदान की। डॉ. सिंह का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा है, जिसे देशवासी सदैव याद रखेंगे। उन्होंने बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री कार्यकाल में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की। उन्हीं के नेतृत्व में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम जैसी ऐतिहासिक योजना लागू हुई, जिसने ग्रामीण भारत के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाया। वे किसानों के हितैषी रहे। डॉ. मनमोहन सिंह की नीतियों ने भारत को वैश्विक मंच पर एक मजबूत पहचान दिलाई। उनकी आर्थिक समझ, दूरदर्शिता और शांत नेतृत्व शैली आज भी राजनीतिक जगत के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्तमान पीढ़ी को उनके विचारों और कार्यांे से सीख लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम का समापन डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया। श्रद्धांजलि सभा में संगठन महामंत्री गुरदीप चन्दड़ा, उपाध्यक्ष करणी राठौड़, महामंत्री गुरदीप चहल, पीसीसी सदस्य रामेश्वर लाल चांवरिया, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, सचिव मोहम्मद हुसैन खोखर, मांगीलाल स्वामी, विजेन्द्र साईं, रामविलास चोयल, मनमोहन सोनी, विजय गोंद, बंशीलाल, विजय टाक, यश चिलाना, गुरलाल मान, मलकीत सिंह, शाहरुख कुरैशी, रेशम सिंह, योगेश वर्मा, अनिल, मोहनलाल इंदलिया, मानसिंह, राजविन्द्र सिंह, रणवीर लोहरा, राजेन्द्र, नरेन्द्र सिंह, विकास गोदारा, प्रदीप, हीरा सिंह, धर्मंेद्र सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
