हनुमानगढ़। नॉन मोटराइज ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए जिला मुख्यालय पर टाउन स्थित भारत माता चौक से सतीपुरा पुल तक साइकिल लेन व वॉकिंग लेन बनवाए जाने की मांग उठी है। इस मांग को आगामी बजट में शामिल करने के लिए हनुमानगढ़ संडे साइकिलिंग क्लब सदस्यों ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। क्लब सदस्यों ने बताया कि हनुमानगढ़ को विकसित बनाने के लिए नॉन मोटराइज ट्रांसपोर्ट पर भी अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान समय में अधिक गति के कारण बच्चों व बुजुर्गांे की दुर्घटनाओं में मृत्यु प्रतिवर्ष बढ़ रही है। सड़कों पर साधन काफी बढ़ गए हैं। इसके कारण निरंतर मृतकों की संख्या बढ़ रही है। प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि हनुमानगढ़ की सड़कों पर साधनों की संख्या कम करने के लिए व्हीकल फ्री हनुमानगढ़ बनाने के लिए अधिक से अधिक साइकिल लेन, पैदल मार्ग अलग से विकसित किए जाएं व पब्लिक ट्रांसपोर्ट वातानुकूलित को बढ़ावा दिया जाए। शहर में अधिक से अधिक साइकिल ट्रैक बनाए जाएं ताकि छोटे-मोटे काम 3 से 10 किमी की दूरी जैसे स्कूल जाना, ऑफिस जाना, मंदिर जाना, बाजार से सामान लाना आदि कार्य आसानी से किए जा सकें। शहर में अधिक से अधिक साइकिल ट्रैक होने से पोटेंशियल साइकिलिस्ट महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग सुरक्षा से साइकिल चला सकेंगे। इससे पर्यावरण प्रदूषण व दुर्घटनाओं में कमी आएगी। क्लब सदस्यों ने सुझाव दिया कि भविष्य में आसपास के गांवों के शहर में शामिल होने के मद्देनजर 3 से 10 किमी तक के विशेष तौर पर विकास का खाका तैयार होना चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग व पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दिया जाए। इससे प्रदूषण, दुर्घटनाओं की कमी, ईंधन की खपत में कमी होगी और ग्रीन व क्लीन सिटी की परिकल्पना पूर्ण होगी। इस मौके पर पवन सरावगी, पुष्पेन्द्र सिंह, जोधासिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
