हनुमानगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस को जिले में गरिमापूर्ण और समारोहपूर्वक मनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में जिला स्तरीय कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों हेतु अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च पास्ट, परेड, घुड़सवारी, झांकियों आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने दायित्वों का अच्छे से निर्वहन करें तथा पारितोषिक वितरण के लिए अच्छा कार्य करने वाले कार्मिकों और स्वयं सहायता समूहों के नाम भेजें। एडीएम ने 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने बताया कि 8:30 बजे तक सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय पर झंडारोहण करेंगे तथा 9:15 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम राजीव गांधी स्टेडियम, जंक्शन में झंडारोहण होगा। राजस्थान पुलिस की महिला एवं पुरुष विंग, आरएसी, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट सहित विभिन्न विद्यालयों द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन होगा। इसके उपरांत राज्यपाल के संदेश का पठन, घुड़सवारी, व्यायाम प्रदर्शन और विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन होगा। विद्यार्थियों द्वारा बैंड वादन और जिले के विभिन्न स्कूली छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

वीरांगनाओं का सम्मान एवं पारितोषिक वितरण
जिला स्तरीय कार्यक्रम में वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, ट्रैफिक पुलिस की ओर से विभिन्न थीम पर 15 झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
पत्रकारों और प्रशासन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच
हर बार की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह के आयोजन के बाद पत्रकारों और पुलिस-प्रशासन की टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन होगा।बैठक में एडिशनल एसपी अरविन्द, एसडीएम मांगीलाल, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पीएमओ डॉ. शंकरलाल सोनी, सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला, डीटीओ नरेश पुनिया, डीएसओ सुनील घोड़ेला, उप निदेशक पशुपालन डॉ. राकेश गांधी, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
