ऐलनाबाद। 77वां गणतंत्र दिवस सिरसा जिले में गरिमामयी व भव्यता के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ, जिसमें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले मुख्यातिथि ने लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक व स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।


जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा उपमंडल डबवाली, कालांवाली व ऐलनाबाद में उपमंडल स्तरीय व अन्य जगहों पर गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्यातिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आज ही के दिन 76 वर्ष पहले सन 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता सम्पन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है।


इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाइलें ही नहीं बनाई, बल्कि चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है।

