हनुमानगढ़। जिले में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं का आयोजन 12 फरवरी से किया जाएगा। इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा में 22883 एवं माध्यमिक परीक्षा में 25128 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षाओं के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में कुल 168 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 164 राजकीय एवं 4 निजी परीक्षा केन्द्र शामिल हैं।


प्रत्येक केन्द्र पर एक केन्द्राधीक्षक एवं चार निजी केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक के साथ अन्य विभाग से माइक्रोऑब्जर्वर की नियुक्ति की जाएगी। वहीं चार निजी परीक्षा केन्द्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती जिला संचालन समिति के अनुमोदन से की जाएगी। सभी केन्द्राधीक्षकों, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षकों एवं माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रशिक्षण प्रस्तावित है। शनिवार को जिला मुख्यालय पर जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी के पेपर का वितरण किया गया।


इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जितेन्द्र बठला, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय भार्गव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सशस्त्र पुलिस बल की निगरानी में नौ बसों के जरिए यह पेपर 18 पुलिस थानों और 11 पुलिस चौकियों में पहुंचाए गए। प्रत्येक थाना/चौकी स्तर पर पेपर कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक की ओर से अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।
