
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के गांव नंदराम की ढाणी के पास स्कूटी की ट्रैक्टर-रेहड़ा से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में गंभीर चोटें लगने से स्कूटी सवार प्रौढ़ की दर्दनाक मौत हो गई। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार हरीराम निवासी गांव झांबर स्कूटी पर सवार होकर टिब्बी रोड से जा रहा था। जब वह गांव नंदराम की ढाणी के पास मोड पर पहुंचा तो सड़क रोक खड़े ट्रैक्टर-रेहड़ा से स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसे में हरीराम की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर और रेहड़ा जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के पीछे जुड़े रेहड़े के पीछे न कोई लाइट थी और न ही रेडियम टेप आदि लगी हुई थी। इस संबंध में मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मृतक प्रौढ़ का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
