हनुमानगढ़। यातायात पुलिस की तत्परता से नशा तस्करी का खुलासा हुआ है। तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए पकड़े गए दो युवकों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गई हैं। मौके से पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों सहित औषधि नियंत्रण अधिकारी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में एएसआई रामपाल, कांस्टेबल विजय एवं रणजीत की ओर से रविवार को टाउन से जंक्शन रोड स्थित घग्घर पुल पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच की जा रही थी। इस दौरान कार नम्बर एचआर 26 सीआर 6073 गलत दिशा से तेज गति में आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को रुकवाया। जांच के दौरान चालक एवं उसके साथी के पास वाहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत वाहन को जब्त कर लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे कार्टूनों से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलीं। सूचना पर जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी चंद्रकांत शर्मा को मौके पर बुलाया गया। जांच में बिना किसी वैध अनुमति के प्रेगाबालिन के 17 हजार 200 कैप्सूल व टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 24 हजार टेबलेट मिली। इस पर जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी ने कुल 41 हजार 200 नशीली टेबलेट व कैप्सूल नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से पकड़े गए कार सवार जसकरण सिंह (22) पुत्र जसवीर सिंह निवासी चन्दभान पीएस जैतो मण्डी जिला फरीदकोट, पंजाब व कुलदीप सिंह उर्फ कैरी संधू (34) पुत्र हरविन्द्र सिंह निवासी वार्ड दो, गंगागढ़ पीएस हनुमानगढ़ टाउन को भी जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी के सुपुर्द किया। एसपी के अनुसार बरामद नशीली दवाइयों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी की ओर से की जा रही है। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
