हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार दलीप बेनीवाल को भाजपा जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संगठनात्मक दृष्टि से जिले में पार्टी की गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने वाली मानी जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने नियुक्ति की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि दलीप बेनीवाल लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं समर्पण भाव से किया है। उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्यशैली से जिले में भाजपा को और अधिक मजबूती मिलेगी। प्रमोद डेलू ने कहा कि पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नव नियुक्त जिला उपाध्यक्ष के रूप में दलीप बेनीवाल संगठन की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। साथ ही वे कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावी तैयारियों में सक्रिय योगदान देंगे। कार्यकर्ताओं ने दलीप बेनीवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं दलीप बेनीवाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्मठता के साथ करेंगे तथा संगठन हित में सतत कार्य करते रहेंगे।
