हनुमानगढ़। देशभक्ति का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता। यह संदेश शनिवार को टाउन स्थित सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल की मकूंनस प्ले विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे गर्व के साथ दिया। घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत लगातार 2316वें ध्वजारोहण का आयोजन विद्यालय परिसर के बाहर सम्पन्न हुआ। नन्हे बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी जयघोष पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो उठा।

इस मौके पर मुख्य अतिथि रमेशचंद्र जैन एवं राधाकृष्ण सिंगला ने विधिवत राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मौजूद नागरिकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन कर अपनी देशभक्ति प्रकट की। इस मौके पर अभियान के संचालक एवं समाजसेवी राजेश दादरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्र सम्मान मुहिम 2316 दिनों से निरंतर, प्रतिदिन बिना रुके चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हर गली, हर मोहल्ले और हर द्वार तक तिरंगे को पहुंचाकर देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना ही इस अभियान का उद्देश्य है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर घर तिरंगा की भावना के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ रही है।

अतिथि राधाकृष्ण सिंगला ने कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों के भीतर राष्ट्र के प्रति जो लगाव और गर्व दिखाई दिया, वह आने वाले भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। इस मौके पर मकूंनस प्ले विंग डायरेक्टर रिया अग्रवाल, प्ले विंग कोऑर्डिनेटर सुरभि शर्मा सहित मनोज सिंगला, विनीत गर्ग, महक गर्ग, दिनेश कंदोई, मोहनलाल एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
