हनुमानगढ़। नियमित नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार एवं पैरामेडिकल के 4 हजार, एएनएम के 7 हजार पदों पर मेरिट एवं बोनस अंक के आधार पर नई नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग के संबंध में संविदा एवं निविदा पर कार्यरत नर्सेज व पैरामेडिकल कर्मियों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर रोष मार्च निकाला। पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति एवं राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति के बैनर तले स्वास्थ्य भवन (सीएमएचओ कार्यालय) से रवाना हुआ रोष मार्च जिला कलक्ट्रेट पहुंचा, जहां विरोध-प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

संविदा-निविदा कर्मियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से अपनी मांगों को शीघ्र स्वीकार करने की मांग की। संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने वाले लैब टेक्नीशियन, सहायक रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन एवं अन्य पैरामेडिकल कैडर्स के हजारों कार्मिक निविदा, संविदा, प्लेसमेंट, एनएचएम, पीपीपी व अन्य माध्यमों से कार्यरत हैं। वर्तमान में संविदा कर्मचारी अत्यंत अल्प वेतन में बंधुआ मजदूर की तरह कार्यरत हैं। इससे वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए पिछले बजट में घोषित पैरामेडिकल के 1500 पदों को बढ़ाकर 4000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया मेरिट बोनस अंक (10, 20, 30) के आधार पर कराई जाए।

पैरामेडिकल संवर्ग के संविदा/निविदा/अल्पवेतन भोगी कार्मिकों के अनुभव एवं सेवाओं को सम्मान देते हुए इन पदों यथा लैब टेक्नीशियन के 2500, सहायक रेडियोग्राफर के 830, ईसीजी टेक्नीशियन के 250, डेंटल टेक्नीशियन के 180, ऑप्थेल्मिक टेक्नीशियन के 240 पदों पर आगामी भर्ती प्रक्रिया मेरिट-बोनस अंक (10, 20, 30) के आधार पर कराई जाए। यह मांगें न केवल कार्यरत अनुभवी कार्मिकों के साथ न्याय सुनिश्चित करेंगी, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित, स्वास्थ्य हित एवं युवाओं के भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पैरामेडिकल संवर्ग को विवश होकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक आंदोलन का मार्ग अपनाना पड़ेगा।

इस मौके पर पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष अंकित गोदारा, नर्सिंग एसोसिएशन जिलाध्यक्ष बंसीलाल वर्मा, मोहन सोनी, विकास, प्रवीण भोभिया, राजेश शर्मा, विजय स्वामी, शिव यादव, अमित पूनिया, विकास स्वामी, मोहन सोनी, बृजेश स्वामी, लालचंद, यश चिलाना, सतनाम सिंह मौजूद थे।
