ऐलनाबाद। डी.एस.पी संजीव बल्हारा ने बड़ागुढा थाना क्षेत्र के गांव कर्मगढ़ में नुक्कड़ सभा कर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया । उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से लड़ने के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है। डीएसपी संजीव बल्हारा ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है,और इस बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए युवा वर्ग का अहम योगदान रहना चाहिए । उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति दृढ निश्चिय कर लें तो अवश्य ही नशामुक्त समाज की स्थापना की जा सकती है । उन्होने बैठक में मौजूद ग्रामीणों से आवाहन किया की अपने बच्चों को शिक्षा तथा खेल गतिविधियों में आगे बढने के लिए प्रेरित करें। जिला पुलिस की और से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सभी ग्राम पंचायतें व सामाजिक संस्थाए अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त व अपराध मुक्त किया जा सके। डीएसपी संजीव बल्हारा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में जिला पुलिस अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए हैं, जिसके तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है तथा आम जन तथा युवाओं को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायते ग्रामीणों व युवाओं के सहयोग से अपने-अपने गांव खेल मैदान तैयार करवाकर बच्चों को खेल गतिविधियों में शामिल करें तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस के अभियान से प्रेरित होकर जहां युवा शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं वहीं पर अनेक नशा ग्रस्त युवकों ने नशा छोड़ने की भी पहल की है,जिनका स्थानीय प्रशासन की मदद से इलाज करवाकर उन्हें फिर से समाज की मुख्य धारा में शामिल किया गया है । डीएसपी संजीव बल्हारा ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को साइबर क्राइम के प्रति आगाह करते हुए कहा कि अज्ञात नंबरों से आए किसी लिंक पर क्लिक न करें क्योकिं ऐसा करने से आप साइबर ठगी के भी शिकार हो सकते हो । यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें । इस अवसर पर बड़ागुढा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार गांव कर्मगढ के सरपंच रोहताश कुमार सहित गांव के अन्य गणमान्य लोग मुख्य रुप से मौजूद रहे ।
