हनुमानगढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन गुरुवार को कर दिया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में वार्डों एवं मतदान केंद्रों पर निर्वाचक नामावलियों का पठन 31 जनवरी, 2026 (शनिवार) को किया जाएगा, ताकि आम मतदाता सूची की जांच कर सकें।निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन के लिए विशेष अभियान 1 फरवरी और 2 फरवरी, 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिक अपने दावे एवं आक्षेप प्रस्तुत कर सकेंगे, जिनकी अंतिम तिथि 7 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 14 फरवरी, 2026 तक किया जाएगा, जबकि पूरक सूचियों की तैयारी 21 फरवरी, 2026 तक पूर्ण की जाएगी। इसके पश्चात निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी, 2026 को किया जाएगा।
जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है–
पंचायत समिति भादरा की 26 ग्राम पंचायतों के 308 वार्डों में 107 मतदान केंद्रों पर 1,07,046 मतदाता पंजीकृत हैं। पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की 23 ग्राम पंचायतों के 309 वार्डों में 107 मतदान केंद्रों पर 1,02,640 मतदाता दर्ज हैं। पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन की 30 ग्राम पंचायतों के 310 वार्डों में 104 मतदान केंद्रों पर 97,892 मतदाता पंजीकृत हैं। इसी तरह पंचायत समिति नोहर की 59 ग्राम पंचायतों के 613 वार्डों में 227 मतदान केंद्रों पर 2,12,994 मतदाता, पंचायत समिति पल्लू की 25 ग्राम पंचायतों के 227 वार्डों में 79 मतदान केंद्रों पर 72,834 मतदाता तथा पंचायत समिति पीलीबंगा की 43 ग्राम पंचायतों के 401 वार्डों में 129 मतदान केंद्रों पर 1,23,382 मतदाता पंजीकृत हैं। पंचायत समिति राजपुरा 8 बीएचडी की 29 ग्राम पंचायतों के 293 वार्डों में 104 मतदान केंद्रों पर 1,05,461 मतदाता, पंचायत समिति रावतसर की 30 ग्राम पंचायतों के 262 वार्डों में 84 मतदान केंद्रों पर 81,204 मतदाता, पंचायत समिति संगरिया की 27 ग्राम पंचायतों के 301 वार्डों में 102 मतदान केंद्रों पर 95,444 मतदाता तथा पंचायत समिति टिब्बी की 33 ग्राम पंचायतों के 361 वार्डों में 122 मतदान केंद्रों पर 1,13,814 मतदाता दर्ज किए गए हैं। निर्वाचन प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपनी निर्वाचक प्रविष्टियों की जांच अवश्य करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते दावे अथवा आपत्तियां प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में सहभागिता निभाए।
