हनुमानगढ़। पंजाब नम्बर की निजी एम्बुलेंस की आड़ में मादक पदार्थ डोडा पोस्त की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को जंक्शन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक पंजाब राज्य का निवासी है, जबकि दो आरोपी राजस्थान के संगरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। सीओ सिटी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थां की तस्करी के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर एसआई गुरदेव सिंह के नेतृत्व में टीम ने पंजाब नम्बर की निजी एम्बुलेंस को रोका और तलाशी के दौरान उसमें से 20 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने एम्बुलेंस को जब्त कर उसमें सवार पंजाब के मोगा निवासी संदीप सिंह निवासी मोगा पंजाब तथा संगरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले कुलविन्द्र सिंह एवं कमल सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी डोडा पोस्त कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इसी तरीके से तस्करी कर चुके हैं या यह उनकी पहली वारदात है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
