हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव के निर्देशानुसार यातायात पुलिस की ओर से एक जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों की ओर से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चौपहिया वाहन चालकों को सीट बैल्ट लगाकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न लाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के संबंध में समझाइश की जा रही है।

इस अभियान के दौरान भटनेर सड़क सुरक्षा समिति सदस्यों की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। निराश्रित गोवंश के गले में रेडियम पट्टा डाला जा रहा है ताकि धुंध के समय वाहन चालकों को आगे जा रहे वाहन व सड़क पर खड़े निराश्रित पशु दिख सकें और दुर्घटना नहीं हो। यातायात पुलिस की ओर से समझाइश के बावजूद नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान काटने की कार्रवाई भी की जा रही है।

इसी कड़ी में शनिवार को यातायात पुलिस कर्मियों की ओर से एएसआई रामदयाल के नेतृत्व में अबोहर मार्ग स्थित ग्रेफ चौराहे पर नाका लगाकर समझाइश के साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात पुलिस कर्मियों ने बाइक पर लगे प्रेशर हॉर्न से होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते उन्हें हटवाने के संबंध में वाहन चालकों से समझाइश की।

भटनेर सड़क सुरक्षा समिति प्रतिनिधि प्रवीण शर्मा के अनुसार कोहला टोल नाका, अबोहर रोड ग्रेफ चौराहा, नगराना टोल प्लाजा पर परिवहन, पुलिस विभाग के साथ अभियान चलाकर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के साथ वाहन चालकों से समझाइश की जा रही है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट लगाकर वाहन चलाने सहित सभी यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
