हनुमानगढ़। आगामी बजट घोषणा 2026-27 में जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र हनुमानगढ़ कार्यालय में आवश्यक खेल मैदान/उपकरण शामिल करने के संबंध में जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रभारी मंत्री को सुझाव पत्र सौंपा। जिला खेल अधिकारी के अनुसार राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ में खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं को और अधिक सुधारने व खिलाड़ियों को नवीन खेल तकनीक की सुविधाएं प्रदान करने के लिए खेल मैदान तथा उपकरणों की आवश्यकता है। उन्होंने बजट घोषणा में हॉकी एस्ट्रोटर्फ, शूटिंग रेंज, डबल स्टोरी हॉल, स्केटिंग रिंग, स्टेडियम के फुटपाथ पर खंभे मय लाइट व्यवस्था को आगामी बजट घोषणा 2026-27 में सम्मिलित करवाने की मांग की। सुझाव पत्र में जिला खेल अधिकारी की ओर से यह भी अवगत करवाया गया है कि बजट घोषणा 2025-26 की बिन्दु संख्या 52.4 के अनुसार राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक 400 मीटर का निर्माण प्रस्तावित है। इसकी भूमि उपलब्धता की सूचना राज्य सरकार को प्रेषित कर दी गई है। लेकिन अभी तक उक्त के संबंध में राज्य सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की सूचना प्रेषित नहीं की गई है। उन्होंने इस संबंध में भी सूचना देने की मांग रखी।
