हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान की ओर से राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर चक ज्वालासिंह वाला (समन्दनगर) स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 26 बालिकाओं ने हिस्सा लेते हुए अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर दो वर्गां में आयोजित किया गया।

सीनियर वर्ग में कक्षा 12 की कमलदीप कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 9 की निशु द्वितीय एवं कक्षा 12 की तम्मन्ना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में कक्षा 6 की प्रिया प्रथम, कक्षा 8 की राजवीर द्वितीय तथा कक्षा 6 की वंदना ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता एवं प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर सशक्त नारी संस्थान की अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं। ऐसे आयोजनों से उनमें छिपी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजपाल गोदारा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति का आधार शिक्षा है। शिक्षित नारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह अपने विचारों और परिश्रम से समाज को नई दिशा देने में सक्षम है।

अध्यापिका योगिता कौशिक ने कहा कि वर्तमान युग नारी सशक्तिकरण का युग है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल महेन्द्रपाल सिंह, संस्थान की कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री पूजा गोयल, रिंकल गर्ग, श्वेता गोयल, ममता मदान एवं मोनिका बब्बर मौजूद रहे।
