हनुमानगढ़। संगरिया क्षेत्र की एक महिला ने अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। साथ ही शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी एवं परिजनों के साथ संगरिया पुलिस थाना के समक्ष धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। छिन्दो पत्नी विक्रम सिंह छिम्पा निवासी वार्ड दो, संगरिया के अनुसार उसकी पुत्रवधू और बन्टु पुत्र बचन सिंह निवासी 36 हैड तहसील संगरिया के बीच अवैध संबंध थे। उसके पुत्र बबलू ने इसका विरोध किया था। आरोप है कि 22 सितम्बर 2025 को दोनों ने बबलू को जबरन नशीले कैप्सूल व गोलियां खिलाकर नशे की हालत में उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद अंकित पुत्र विनोद कुमार एवं रेखा पुत्री मांगन निवासी वार्ड दो, संगरिया ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। महिला के अनुसार बबलू की हालत गंभीर होने पर उसे संगरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर 24 सितम्बर 2025 को जयपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। उपचार के दौरान 26 सितम्बर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया गया कि उसकी पुत्रवधू रजनी और बन्टु ने घर की संदूक का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपए भी निकाल लिए। उसने 29 अक्टूबर 2025 को संगरिया पुलिस थाना में इनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया लेकिन अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की गई है। महिला ने मांग की कि उसके पुत्र को नशीला पदार्थ खिलाकर व मारपीट कर हत्या करने के आरोप में पुत्रवधू रजनी और बन्टु के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के बीकानेर संभाग सचिव रेवंतराम पंवार, भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष रूपसिंह, राजेन्द्र कांटीवाल, जग्गुसिंह व अंकित मौजूद थे।
