भादरा। भादरा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी का क्षण उस समय आया, जब क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. सुरेश चौधरी की पुत्री डॉ. मानसी चौधरी ने महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज, जयपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण की। इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। जिस नन्हीं सी बेटी को कभी पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया था, वही आज कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर डॉक्टर बनकर समाज सेवा के पवित्र मार्ग पर अग्रसर हो गई है। वर्षांे की कठिन मेहनत, अनगिनत जागी रातें और अथक संघर्ष आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया है। बेटी की इस सफलता पर पूर्व विधायक डॉ. सुरेश चौधरी भावुक नजर आए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी पुत्री सदा सच्चाई, करुणा और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़े तथा ऐसी चिकित्सक बने, जिसके उपचार में दवा से पहले इंसानियत हो। डॉ. मानसी चौधरी की यह सफलता केवल पारिवारिक उपलब्धि नहीं, बल्कि भादरा क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। भादरा की इस बेटी ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
