रावतसर। सामाजिक सरोकारों और युवा शक्ति से जुड़े क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि ग्राम खचवाना के निवासी एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी संजीव कस्वां को महाराजा सूरजमल यूथ ब्रिगेड में राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया गया है। संजीव कस्वां, सुपुत्र हरदत्त सिंह कस्वां, लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। विशेष रूप से अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय रक्तदान महा कल्याण के रूप में मनाकर उन्होंने समाज सेवा की मिसाल पेश की है। उनके इस प्रयास ने युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया है और क्षेत्र में सहयोग व सेवा की भावना को मजबूत किया है। जाट समाज संस्थान, भादरा की ओर से उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व पर मनोनयन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि यह नियुक्ति संजीव कस्वां की निष्ठा, समर्पण और समाज के प्रति उनके निरंतर योगदान का सम्मान है। गांव खचवाना से लेकर भादरा और रावतसर क्षेत्र में उनके मनोनयन को लेकर खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संजीव कस्वां अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह मनोनयन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।
