हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान उच्च शिक्षा की हनुमानगढ़ जिला इकाई द्वारा स्थानीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में विषय ‘राजसेस महाविद्यालय में संविदा नियुक्ति की चयन प्रक्रिया पर तत्काल रोक एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के स्वरूप पुनःसंरचना’ पर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। महासंघ के जिला सचिव डॉ. रोहिताश वशिष्ठ द्वारा बताया गया कि महासंघ अपने त्रयदायित्व ध्येय कथन ‘राष्ट्रहित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक, शिक्षक हित में समाज’ कसौटी पर पूर्ण खरा उतरते हुए अखिल भारतीय स्तर पर कार्य करता है।

राज्य सरकार द्वारा राजशेष योजना के अंतर्गत संचालित महाविद्यालय के संचालन हेतु, भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 के क्रमांक 41 पर इन महाविद्यालय में टीचिंग एसोसिएट व अशैक्षणिक संवर्ग को संविदा आधार पर चयन करने का मानक तय किया है। इसका महासंघ पुरजोर विरोध करता है। प्रदर्शन के बाद पीएम, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

महासंघ द्वारा तीन प्रमुख राजशेष योजना के अंतर्गत सभी महाविद्यालयों के संचालन हेतु निर्मित सोडाणी समिति की सिफारिसे तत्काल प्रभाव से लागू करने, सभी 374 राजशेष महाविद्यालय को सामान्य राजकीय महाविद्यालय की तरह संचालन के तत्काल आदेश, भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 के क्रमांक 41 पर अंकित संविदा टीचिंग एसोसिएट एवं अशैक्षणिक संवर्ग चयन की प्रक्रिया को तत्काल रोकने के आदेश जारी करने की मांग की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
