हनुमानगढ़। चार व्यक्तियों ने दुकान में मोबाइल फोन की मरम्मत करवा रहे मामा-भांजा पर डन्डे, बेल्ट व तलवार से लैस होकर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट कर हमलावर नकदी, चांदी की चेन-कड़ा छीनकर ले गए। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में एक नामजद व तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार दीपक (21) पुत्र साहबराम ओड निवासी वार्ड 58, सुरेशिया, जक्ंशन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे वह व उसका मामा राधेश्याम सुरेशिया में सौ फुटी रोड पर स्थित तनेजा मोबाइल दुकान में अपना मोबाइल फोन सही करवाने के लिए गए। वह व उसका मामा उक्त दुकान के अन्दर अपना मोबाइल फोन सही करवा रहे थे। उसी दौरान गुलाब भाट निवासी सुरेशिया एवं तीन अन्य व्यक्ति डन्डे, बेल्ट, तलवार लेकर आए और उसे व उसके मामा को दुकान से जबरन बाहर निकाल लिया एवं मारपीट करने लगे। उसके हाथ पर डन्डे से वार कर चोट मारी। सिर एवं पैर पर डन्डे एवं बेल्टों से वार कर चोट मारी। उसके मामा राधेश्याम के हाथ पर डन्डे से वार कर चोट मारी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग आ गए। उन्होंने बीच-बचाव किया तो गुलाब भाट व उसके साथ आए तीनों व्यक्तियों ने मारपीट कर उससे पांच हजार रुपए, चांदी की चेन व चांदी का कड़ा छीन लिया एवं मोबाइल फोन तोड़फोड़ कर चोटें मारकर वहां से फरार हो गए। दीपक के अनुसार गुलाब भाट बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। यह लोग भविष्य में भी किसी प्रकार की अनहोनी कर सकते हैं। पुलिस ने मारपीट एवं छीनाझपटी के आरोप संबंधी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई सुभाषचन्द्र के सुपुर्द की।
