हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। मीरा कॉलोनी निवासी महिला अंजू बाला पत्नी विजय सोनी ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, घटना 13 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे की बताई गई है। अंजू बाला का आरोप है कि उसका पुत्र घर पर मौजूद था, तभी मोहल्ले के रहने वाले रमेश बंसल, विजय बंसल और उनके साथी बाइक लेकर घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया और दरवाजा खुलते ही गाली-गलौज व विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता की तथा उसके बेटे युवराज और दामाद अर्जुन के साथ झगड़ा किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे मामला कुछ देर के लिए शांत हुआ। बाद में आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा आए और लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की। इस दौरान युवराज और अर्जुन को चोटें आईं। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। अंजू बाला के अनुसार आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। परिवादिया अंजू बाला ने पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, दूसरी तरफ रमेश कुमार अग्रवाल की ओर से इस संबंध में परिवादिया पक्ष के खिलाफ गत दिनों मुकदमा दर्ज करवाया गया था।
