नोहर। जिले के नोहर क्षेत्र के गांव सिरंगसर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सिरंगसर में पानी निकासी के लिए पाइपलाइन डालने का कार्य चल रहा था, जिसके लिए जेसीबी मशीन की सहायता से खाई खोदी जा रही थी।

काम के दौरान गांव मालिया निवासी मजदूर राजपाल अन्य श्रमिकों के साथ खाई में उतरकर कार्य कर रहा था। इसी बीच अचानक मिट्टी भरभराकर ढह गई, जिससे राजपाल मिट्टी के नीचे दब गया, जबकि साथ काम कर रहे अन्य मजदूर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मजदूर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसे समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।

बाद में जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर राजपाल को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर खुइयां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नोहर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
