ऐलनाबाद। राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरा में महाविद्यालय के प्राचार्य डा. सज्जन कुमार की अध्यक्षता प्रो. राजवीर के संयोजन में चल रहे एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के थीम “ यूथ फॉर माई भारत और यूथ फॉर सतत् विकास “ के अन्तर्गत दूसरे दिन की शुरुआत सभी के सरस्वती वंदना तथा लक्ष्य गीत से तथा योग कक्षा के साथ की गई। कैंप में आज दूसरे दिन एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेवी नरेंद्र सहारण गांव पोहड़का तथा योग शिक्षक नीरज कटारिया ऐलनाबाद ने शिरकत की।

ऐलनाबाद क्षेत्र की प्रथम महिला योग शिक्षक नीरज कटारिया ने योग का महत्व बताते हुए एनएसएस बच्चों को प्रशिक्षण भी दिया।महाविद्यालय के जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि इसके पश्चात मुख्य अतिथि नरेंद्र सहारण (नेकी ऑर्गेनिक इंडिया) ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में बाजार में उपलब्ध कॉस्मेटिक उत्पादों में प्रयुक्त हानिकारक रसायनों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला तथा स्वदेशी एवं प्राकृतिक उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।क्योंकि आज रसायनों के प्रयोग से जीवन ख़तरे में है। साथ ही उन्होंने स्वयंसेवकों को घर पर आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक तरीकों से विभिन्न कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार करने की विधि भी समझाई, जिससे स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा सके।

दोपहर भोजन के उपरांत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसे अलग किया गया तथा “प्लास्टिक मुक्त परिसर” का संदेश देते हुए स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत कॉलेज परिसर की साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने सभी को स्वच्छता बनाए रखने एवं प्लास्टिक का उपयोग कम करने की शपथ भी दिलाई।इस मौके पर प्रो. राजवीर सिंह के साथ डॉ कविता चौधरी व अन्य ग़ैर शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों और एनएसएस छात्र छात्राओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई ।
