हनुमानगढ़। फिरोजपुर-हनुमानगढ़ अनारक्षित एक्सप्रेस रेलगाड़ी संख्या 14601/02 का धोलीपाल रेलवे स्टेशन पर ठहराव करवाने की मांग के संबंध में धोलीपाल के ग्रामीणों ने गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर के नाम धोलीपाल रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि इस ट्रेन के धोलीपाल में ठहराव से श्रीगंगानगर जाने के लिए अतिरिक्त रेलसेवा उपलब्ध होगी। साथ ही क्षेत्र और आसपास के गांवों से अबोहर, फाजिल्का और फिरोजपुर की सीधी रेलसेवा उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में इंटरसिटी एक्सप्रेस 14601/02 फिरोजपुर से हनुमानगढ़ के मध्य चल रही है जो छोटी दूरी की अनारक्षित श्रेणी की ट्रेन है। इस गाड़ी का विस्तार 2018 में श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ के बीच 67 किलोमीटर लम्बे रेलखंड पर किया गया था जिसमें केवल एक ही जगह ठहराव सादुलशहर ही किया गया था। इस गाड़ी का अतिरिक्त ठहराव सादुलशहर से हनुमानगढ़ जंक्शन के बीच पड़ने वाले धोलीपाल स्टेशन पर किए जाने की आवश्यकता है। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में धोलीपाल से श्रीगंगानगर की ओर गाड़ी संख्या 54759 (एचएमएच-एसओजी पैसेंजर) है जो धोलीपाल से श्रीगंगानगर की ओर 7.40 बजे चलती है। इसके बाद गाड़ी संख्या 54761 (एचएमएच-एसओजी पैसेंजर) है जो धोलीपाल से श्रीगंगानगर की ओर 3.09 बजे चलती है। इस प्रकार इन रेल सेवाओं के मध्य 7 घंटे से अधिक का अंतराल है। अगर हनुमानगढ़ से फिरोजपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 14602 का ठहराव धोलीपाल दिया जाता है तो यह गाड़ी करीब 11.47 बजे धोलीपाल आकर इस लम्बे अंतराल को भर देगी। ग्रामीणों ने यात्रियों के हितों का ध्यान रखते हुए गाड़ी संख्या 14601/02 का धोलीपाल में ठहराव करवाए जाने की मांग की। इस मौके पर मनीष छिम्पा, संदीप सिंह, हिमांशु नाथ, पालसिंह, बिन्दु खान, राजपाल, महेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, इन्द्रजीत वर्मा, धर्मवीर सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
