हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र की दूधवाल कॉलोनी स्थित वार्ड नम्बर 28 में बरसाती पानी की निकासी के लिए किए जा रहे सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर स्थानीय निवासियों ने विरोध दर्ज कराया। वार्डवासी जुगलकिशोर स्वामी के नेतृत्व में मंगलवार को लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कीचड़ के ऊपर ही सीमेंट डालकर नाली का निर्माण कराया जा रहा था तथा इसमें निम्न गुणवत्ता की ईंटों का उपयोग किया जा रहा था। विरोध के बाद ठेकेदार की ओर से आनन-फानन में ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगवाकर घटिया ईंटों को हटाया गया और दूसरी ईंटें मंगवाई गईं। हालांकि, लोगों का कहना है कि कुछ दूरी पर पहले से ही घटिया सामग्री से निर्माण कर दिया गया है, जिसे भी उखाड़ने की मांग की जा रही है। वार्डवासी जुगल स्वामी ने बताया कि बरसाती पानी की निकासी को लेकर नाली व सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन अब जब कार्य शुरू हुआ है तो उसमें घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और वार्डवासियों में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी वार्ड के पूर्व पार्षद को दी, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यांे से जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। वार्डवासियों ने मांग की कि नाली और सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान विकास कुमार, रामकृपाल, हरीश, सीताराम, विजय कुमार, लीलूराम, महेंद्र सिंह, मोहन सिंह, पप्पूराम, गोकुलराम सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।
