
हनुमानगढ़। गोलूवाला में रविवार से सड़क सुरक्षा सप्ताह का आगाज हुआ। इस मौके पर वृक्ष मित्र एवं मानव सेवा संस्थान और गोलूवाला पुलिस थाना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। कार्यक्रम में थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और वृक्ष मित्र संस्थान के सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए उनके वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का कार्य किया। इस मौके पर थाना प्रभारी तेजवंत सिंह ने बताया कि इस तरह के अभियान से चालकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। वृक्ष मित्र एवं मानव सेवा संस्थान के सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव सेवा और सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक कार्यांे में योगदान देना उनका ध्येय है।
