
हनुमानगढ़। विशेष शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पुस्तक संवेदी दिव्यांगताओं का परिचय का विमोचन गुरुवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने किया। यह पुस्तक श्री खुशाल दास विशेष शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य प्रदीप चौहान की ओर से लिखी गई है, जिसका लेखन विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यानारायण नाई के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ है। विमोचन मौके पर अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि यह पुस्तक विशेष शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय और समयानुकूल प्रयास है। संवेदी दिव्यांगताओं जैसे जटिल विषय को सरल भाषा में प्रस्तुत करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे लेखक ने सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कहा कि आरसीआई एवं विश्वविद्यालय के नवीन पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार की गई यह पुस्तक विशेष शिक्षा बीएड स्पेशल एजुकेशन आईडी के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशिक्षुओं एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। जुनेजा ने कहा कि पुस्तक में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक दृष्टिकोण को भी समाहित किया गया है, जिससे यह एक प्रभावी संदर्भ ग्रंथ बनती है। उन्होंने लेखक एवं मार्गदर्शक को इस शैक्षणिक योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तक विशेष शिक्षा के क्षेत्र में ज्ञानवर्धन का सशक्त माध्यम बनेगी।
