हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी, वार्ड 44 में शनिवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से शिव शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा को समाजसेवी पवन सरावगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा बरकत कॉलोनी से प्रारंभ होकर टाउन के प्रमुख बाजारों से होती हुई नगर परिषद के सामने से गुजरी और पुन: ब्रह्माकुमारी पाठशाला परिसर में सम्पन्न हुई। मार्ग को आकर्षक सजावट से सजाया गया था तथा पूरे रास्ते शिव बाबा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा के समापन पर शिव बाबा की आरती एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस मौके पर बहन बीके किरण और बीके काजल बहन ने महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आंतरिक परिवर्तन का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज संस्था समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना, सकारात्मक ऊर्जा का संचार और आध्यात्मिक उन्नति के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पाठशाला से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बीके सुखदेव कुमार और बीके सुनीता ने भी भक्तों को महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मज्ञान और जीवन में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देता है।
