हनुमानगढ़। जंक्शन के अबोहर मार्ग स्थित श्री गोविंद धाम गोशाला में हर वर्ष की भांति इस बार भी होली का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को श्री गोशाला सेवा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें भीड़ प्रबंधन, पंडाल, लंगर, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि 3 मार्च को गोशाला परिसर में होली महोत्सव का आयोजन होगा।

इस मौके पर फूलों और गुलाल से होली खेली जाएगी। कार्यक्रम में वृन्दावन, मोगा और सिरसा से आने वाले कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जिससे भक्तिमय और उत्सवी माहौल बनेगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल और पकौड़ों का लंगर भी लगाया जाएगा। समिति सदस्य मनीष बतरा ने बताया कि श्री गोशाला सेवा समिति की ओर से आयोजित यह महोत्सव बीकानेर संभाग का सबसे बड़ा होली उत्सव माना जाता है, जो पिछले कई वर्षां से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस बार महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्टेज की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम का आनंद ले सकें। इसके अलावा 2 मार्च की रात्रि को गोशाला प्रांगण में पारंपरिक होलिका दहन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

होली उत्सव को खास बनाने के लिए दिल्ली से विशेष फूल मंगवाए जाएंगे, जिनसे फूलों की होली खेली जाएगी। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर त्योहार को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में समिति सचिव कानचंद गोयल, विजय बलाड़िया, बीरबल जिंदल, वीरेन्द्र गोयल, गोपाल जिंदल, मनीष बत्तरा, मुकेश महर्षि, सौरभ जिंदल, रामकुमार, लवली चावला, जगदीश अग्रवाल, सुशील मोहता, सुल्तान सहू, विजय जांगिड़, अशोक अग्रवाल, महावीर बंसल, रघुवीर बंसल, महावीर जांगिड़, मनीष कौशिक मौजूद रहे।
