हनुमानगढ़। जंक्शन में डीटीओ ऑफिस के पास स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 50 रुपए की सब्जी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बिमला पत्नी ठाकरराम सोनी निवासी हाउसिंग बोर्ड, जंक्शन ने कमल कुमार और उसके भाई सुभाष शर्मा पर उसके पुत्र पर लोहे की रॉड व चाकू से हमला करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग के संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद प्रस्तुत किया है। बिमला ने बताया कि 9 फरवरी की शाम करीब 7.45 बजे उसका बड़ा पुत्र दीपक कुमार सब्जी लेने कमल शर्मा की दुकान पर गया था। इससे पहले छोटे पुत्र सत्यम ने फोनपे के माध्यम से 50 रुपए दुकानदार कमल को भेज दिए थे और कहा था कि उसका बड़ा भाई दीपक 50 रुपए की सब्जी लेने आएगा। दीपक जब नए हाउसिंग बोर्ड स्थित कमल की दुकान पर पहुंचा तो उसे सब्जी दे दी गई। रास्ते में दूसरी दुकान पर वजन करवाने पर सब्जी का वजन कम निकला। इस पर वह अपने पुत्र दीपक के साथ सब्जी लेकर दोबारा कमल की दुकान पर पहुंची और कम वजन होने की शिकायत की। इस बात पर कमल आवेश में आ गया और दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने अपने भाई सुभाष शर्मा को भी मौके पर बुला लिया। दोनों भाइयों ने मिलकर दीपक पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। बिमला के अनुसार, सुभाष ने उसके पुत्र के कान पर चाकू से वार कर चोट पहुंचाई, जबकि कमल ने लोहे की रॉड से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर प्रहार किए। गंभीर चोट लगने से दीपक बेहोश हो गया। किसी तरह उसे हमलावरों से छुड़ाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। बिमला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
