हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का बजट बताते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं जिला मंत्री सुशील जोशी ने इसे समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा वित्त मंत्री दिया कुमारी की ओर से प्रस्तुत यह बजट आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, रोजगार सृजन और कौशल विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। सुशील जोशी ने बजट की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। युवाओं के रोजगार और कौशल विकास के लिए व्यापक अवसर सृजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत एक लाख युवाओं को लगभग ब्याज मुक्त 10 लाख रुपए तक ऋण उपलब्ध कराने के लिए 1000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का निर्णय लिया गया है। आईटी, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों को टैबलेट, स्कूटी, साइकिल और यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी वाउचर की व्यवस्था की गई है। जोशी ने बताया कि गाड़िया लोहार समुदाय के लिए स्कूल ऑन व्हील्स योजना प्रारंभ की जाएगी। जर्जर और भवनविहीन विद्यालयों के लिए 450 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आपणो अग्रणी राजस्थान के संकल्प के साथ यह बजट सर्वसमावेशी विकास की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए प्रदेश को विकसित राजस्थान की ओर अग्रसर करेगा।
