रावतसर। मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) सहित एक युवक रावतसर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान खुइयां थाना पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार रावतसर थाना की टीम एसआई विजेन्द्र के नेतृत्व में गुरुवार देर शाम को थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम रावतसर कस्बे में चक भाखरांवाली की तरफ जाने वाली सीसी रोड पर पहुंची तो वहां से जा रहे एक शख्स की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। शक के आधार पर टीम ने उक्त शख्स को रुकवाकर तलाशी ली तो उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। टीम ने मौके से बलवीर पुत्र राजेन्द्र बिश्नोई निवासी वार्ड 34, रावतसर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच खुइयां थाना प्रभारी राधेश्याम कर रहे हैं।
