हनुमानगढ़। नगराना ग्राम पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 में सार्वजनिक नाले व पक्की सड़क को तोड़कर अवैध अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्डवासियों ने ग्राम विकास अधिकारी नगराना को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि 5 जनवरी 2026 को वार्डवासियों द्वारा कार्यालय में उपस्थित होकर कुलदीप सिंह पुत्र लाभ सिंह, संदीप सिंह पुत्र लाभ सिंह, लाभ सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह सहित एक अज्ञात मिस्त्री व अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दी गई थी। आरोप है कि इन लोगों ने सार्वजनिक नाले और पक्की सड़क को जबरन तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया, जो कि गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। वार्डवासियों का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक पुलिस थाना संगरिया में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई और न ही प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोषियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वार्डवासी मजबूरन ग्राम पंचायत नगराना कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी ग्राम पंचायत प्रशासन की होगी।
