भादरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छानीबड़ी में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत रेफर किए गए बच्चों के उपचार हेतु रेफरल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य विभिन्न बीमारियों से ग्रसित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि कैंप में कुल 110 बच्चे उपस्थित हुए, जिनमें चर्म रोग के 4, ओटाइटिस मीडिया के 6, दंत रोग के 24 तथा दृष्टि दोष के 62 बच्चे चिन्हित किए गए। इनमें से 79 बच्चों का मौके पर ही उपचार (ऑन स्पॉट ट्रीटमेंट) किया गया, जबकि गंभीर स्थिति वाले 10 बच्चों को उच्च संस्थान में उपचार हेतु रेफर किया गया। कैंप के दौरान दृष्टि दोष से ग्रसित बच्चों की रेफ्रेक्शन जांच कैंप स्थल पर ही की गई, जिससे बच्चों को त्वरित जांच एवं परामर्श का लाभ मिला।

कैंप में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतवीर सिंह बेनीवाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सेजल पूनिया, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय राहड़, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विजय पूनिया, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार, दंत चिकित्सक डॉ. मनदीप, दंत सहायक सुमन देवी एवं नेत्र सहायक भंवरलाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कैंप की आवश्यक व्यवस्थाएं एवं पंजीयन कार्य आरबीएसके आयुष चिकित्सक डॉ. हरिशंकर, डॉ. अमरचंद, एएनएम श्रीमती धापा एवं ममता द्वारा सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के कैंपों का उद्देश्य बच्चों की प्रारंभिक अवस्था में जांच कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके और बच्चों को स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।
