
हनुमानगढ़। रात्रि को सूने मकान में घुसे दो अज्ञात चोर ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। सुबह अड़ोस-पड़ोस के लोगों ने ताले टूटे व गेट खुले देखे तो चोरी का पता चला। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति घर में घुसते नजर आए। इस संबंध में गृह स्वामी की ओर से रावतसर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार जवान सिंह उर्फ मंगल (31) पुत्र गम्भीर सिंह बघेल निवासी वार्ड 25, पारीक स्कूल के पास, रावतसर ने लिखित रिपोर्ट पेश की कि वह गुरुवार की रात्रि लगभग आठ बजे घर पर ताला लगाकर पत्नी-बच्चों के साथ हनुमानगढ़ गया था। शुक्रवार सुबह उसे आस-पड़ोस के लोगों ने दूरभाष के जरिए सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है तथा गेट खुले पड़े हैं। इस पर उसने घर पहुंचकर देखा तो मैन गेट सहित अन्दर कमरे तथा अलमारी के भी ताले टूटे हुए थे तथा सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे एक लाख रुपए नकद, सोने का एक मंगल सूत्र, सोने का एक ओम, सोने के कानों के एक जोड़ी टॉप्स, सोने की दो अंगूठी, चांदी का कमर कोदनी तथा चांदी की दो जोड़ी पायल गायब थी। उसने इधर-उधर पता किया। पारीक स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो रात्रि के लगभग 1 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसते हुए दिखाई दिए। यह दोनों अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों संदिग्धों की तलाश में जुटी है। जांच एएसआई विरेन्द्र मीणा कर रहे हैं।
