
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत दो केएनजे, आईटीआई बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को बुधवार को सहयोग शक्ति चैरिटी समिति की टीम ने सर्दियों से बचाव के लिए स्वेटर, जुराब, बूट उपलब्ध करवाए। यह सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान बच्चों से न्यू ईयर केक भी कटवाया और उनके भविष्य की मंगल कामनाएं की। अध्यापक सतपाल राठी ने इसके लिए सहयोग शक्ति चैरिटी समिति का धन्यवाद ज्ञापित किया।

सहयोग शक्ति चैरिटी समिति की प्रेरणा पाहुजा ने बताया कि समिति से जुड़ी महिला सदस्यों ने अपनी जेब खर्च से समाजसेवा शुरू की थी। अब जनसहयोग से समाजसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। पिछले दिनों मिले जनसहयोग से उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है। उन्होंने बताया कि समिति ने करवा चौथ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में टिकट वितरण से एकत्रित हुए रुपयों को चैरिटी के लिए सुरक्षित रखा। उन्हीं रुपयों से स्कूली बच्चों को जरूरत की सामग्री भेंट की गई है। भविष्य में भी जनसहयोग से इस तरह के समाजसेवा के कार्य जारी रहेंगे। नशामुक्ति की दिशा में कच्ची बस्तियों में जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए भी समिति प्रयासरत है। इस मौके पर समिति की शिमला मेहन्दीरत्ता, स्कूल स्टाफ सदस्य प्रिया रानी, किरण कौर, लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।

