हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में प्रशासनिक निर्देशों के तहत ग्रीन ऑफिस-क्लीन ऑफिस अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन के कार्य सम्पन्न किए गए हैं। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि 19 दिसम्बर 2025 को जिला कलक्टर से प्राप्त निर्देशों की पालना में अस्पताल के सभी कार्यालयों व परिसरों में गहन सफाई अभियान चलाया गया।

परिसर में झाड़ू-झाड़न, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण, शौचालयों की नियमित व गहन सफाई तथा स्वच्छता को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया गया। अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में वर्षांे से पड़े अनुपयोगी कबाड़ को हटवाया गया, जिससे न केवल स्वच्छता में सुधार हुआ बल्कि आवागमन भी सुगम हुआ। विद्युत एवं प्लंबिंग से संबंधित आवश्यक मरम्मत कार्य कराए गए, वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग के सहयोग से भवन की मरम्मत एवं रख-रखाव का कार्य भी पूरा किया गया। इसके अतिरिक्त अग्निशमन उपकरणों की जांच कर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर गमले लगाए गए। इससे परिसर का वातावरण अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं रोगी-हितैषी बना है। मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए प्रतीक्षालयों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

पंखे, कूलर, लाइट तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। इसके साथ ही कार्यालयों में रिकॉर्ड संधारण को व्यवस्थित किया गया, फाइलों की क्रमबद्धता सुनिश्चित की गई तथा हेल्पडेस्क की स्थापना की गई, जिससे आमजन को जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो सके। दिव्यांगजनों एवं बुजुर्ग मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर, रैंप एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डॉ. सोनी ने कहा कि इन प्रयासों से जिला चिकित्सालय का स्वरूप अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं जनहितकारी बना है। उन्होंने बताया कि ग्रीन ऑफिस-क्लीन ऑफिस अभियान को भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं निरंतर उपलब्ध हो सकें।
