हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी (एआईयू) के अंतर्गत नॉर्थ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (मेन) चैंपियनशिप टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को ए, बी, सी और डी कुल चार ग्रुपों में 32 विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच 16 मैच खेले गए। जहां कई मैचों में जीत हार का अंतर स्पष्ट रूप से सामने आ गया वहीं कई टीमों के मैचों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। किसी मैच में कोई गोल लग ही नहीं सका तो किसी मैच में एक ही टीम में सारे गोल करके विजय श्री हासिल कर ली। एसकेडी यूनिवर्सिटी के सभी खेल मैदान खिलाड़ियों, कोच और उनके प्रंशसकों से भरे नजर आए। अलग-अलग मैदानों में अलसुबह से लेकर देर शाम तक लगातार मैच होते रहे। प्रंशसकों और खेल प्रेमियों की जोरदार हुटिंग से खिलाड़ियों में जोश भर रहा था तो वहीं इस ठंड में विश्वविद्यालय का माहोल गरमाया रहा। मैच देखने आए खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

ग्रुप ए में एमडीएस यूनिवर्सिटी, अजमेर और एसआरएम यूनिवर्सिटी, सोनीपत के बीच खेला गया। जिसमें एमडीएस यूनिवर्सिटी, अजमेर 5-0 से विजेता रही। दूसरा मैच सीआरएस यूनिवर्सिटी, जींद (हरियाणा) और यूनिवर्सिटी ऑफ़ राजस्थान, जयपुर के बीच खेला गया । जिसे यूनिवर्सिटी ऑफ़ राजस्थान ने 1-4 से जीत लिया। तीसरा मैच एसयू ऑफ़ हरियाणा, सोनीपत और जेएमए यूनिवर्सिटी, रनपुर में होना था। जिसमें जेएमए यूनिवर्सिटी के अनुपस्थित रहने पर एसयू ऑफ़ हरियाणा को वाल कवर नियम के तहत विजेता घोषित किया गया। चौथा मैच एसजीटी यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम और मनिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर की बीच हुआ जिसे एसजीटी यूनिवर्सिटी के कड़े मुकाबले के बीच 6-5 से जीत हासिल की। ग्रुप बी का दुसरा मैच सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ राजस्थान, अजमेर और आरआरबीएम यूनिवर्सिटी , अलवर की बीच खेला गया I जिसमें सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ राजस्थान के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पाए और आरआरबीएम ने तीन गोल करके जीत अपने नाम कर ली। ग्रुप बी का चौथा मैच श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के नाम रहा। इस मैच में एनआईआईटी यूनिवर्सिटी, नीमराना अनुपस्थित रही और वाल कवर नियम के तहत श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के खिलाड़ी विजेता घोषित हो गए। ग्रुप डी का पहला मैच एमजीएस यूनिवर्सिटी, बीकानेर और एसपीएस यूनिवर्सिटी, उदयपुर के बीच खेला गया। इस मैच में एसपीएस यूनिवर्सिटी एक भी गोल नहीं कर पाई और एमजीएस यूनिवर्सिटी ने तीन गोल करके विजय श्री हासिल की।

ग्रुप डी के दुसरे मैच का भी मुकाबला जोरदार रहा। जिसमें जीजीएसआई यूनिवर्सिटी, द्वारका एक भी गोल नहीं कर पाई तो वहीं आईआईजी यूनिवर्सिटी, रेवाड़ी दो गोल से विजेता रही। ग्रुप सी का दूसरा मैच एमएल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी, उदयपुर को हराकर सीडीएलयू, सिरसा ने 6-0 से अपने नाम किया। इसी तरह ग्रुप सी का तीसरा मैच का मुकाबला भी कड़ा रहा। इसमें पाहेर यूनिवर्सिटी, उदयपुर एक भी गोल नहीं कर पाई तो वहीं सिंघानिया यूनिवर्सिटी, झुंझुनू ने 8 गोल करके जीत हासिल कर ली I ग्रुप सी के चौथे मैच में पूर्णिमा यूनिवर्सिटी, जयपुर को 2-0 से हराकर पीडीयूएस, सीकर विजेता रही। ग्रुप डी के तीसरे मैच में एमएसबी यूनिवर्सिटी, भरतपुर को 5-0 से हराकर एमआर यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद ने जीत हासिल की। इसी तरह ग्रुप डी के ही चौथे व् अंतिम मुकाबले में जेएच यूनिवर्सिटी, हमदर्द नगर अनुपस्थित रहने के कारण गुरु जम्बेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार को निर्णायकों ने विजेता घोषित कर दिया। खेल निदेशक डॉ. रविन्द्र सिंह सुमल और आयोजन सचिव रमनदीप कौर ने बताया कि प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय द्वारा “प्लेयर ऑफ़ द मैच” अवार्ड से सम्मानित किया गया। प्रत्येक मैच के लिए यूनिवर्सिटी स्टाफ की टीमें भी नियुक्त की गयी साथ ही मौके पर एसकेडी हॉस्पिटल का नर्सिंग स्टाफ भी अपनी सेवाएंदे रहा है। खिलाड़ियों के अल्पाहार से लेकर खाने में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
10 गोल के सामने लगाया पूरा दमख़म, लगा नहीं सके एक भी गोल
ग्रुप सी का पहला मैच बीकानेर टेक्नीकल यूनिवर्सिटी और जामीया मीलिया इस्लामिया, ओखला के बीच खेला गया। यह मैच जबरदस्त रोमांच से भरा रहा। मैच शुरू होने के बाद जिस तरह का माहोल बना सभी खेल मैदानों से खेल प्रेमी अन्य मैचों को छोड़कर यहीं पर जमावड़ा कर लिया। इस मैच में बीकानेर टेक्नीकल यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों द्वारा भरसक प्रयास करने के बावजूद भी एक भी गोल नहीं कर पाए तो वहीं जामीया मीलिया इस्लामिया, ओखला की टीम ने 10 गोल करके एक बड़ी जीत हासिल की I

रोमांचक मुकाबले में दो मैच फंसे, हुटिंग से गूंजा आसमान
ग्रुप बी का पहला मैच जेएनवी यूनिवर्सिटी, जोधपुर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ हरियाणा की बीच हुआ। यह मुकाबला बड़ा रोमांचक रहा। इस मुकाबले में शुरू से लेकर अंत तक दोनों ही टीमों के खिलाड़ी एक दुसरे पर हावी नजर आए। दोनों ही टीमों के समर्थक अपनी टीम की जीत को लेकर जोरदार हुटिंग करते रहे। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ़ हरियाणा के खिलाड़ी भरपूर प्रयास करने के बावजूद भी एक गोल नहीं कर पाए तो वहीं जेएनवी यूनिवर्सिटी ने खेल के अंतिम दौर में मात्र एक गोल करके जीत हासिल कर ली। इसी तरह ग्रुप बी का तीसरा मैच भी शुरुआत से लेकर अंत तक जीत हार में फंसा रहा। इस मैच में जीजीटी यूनिवर्सिटी, बांसवाडा के खिलाड़ी भी एक भी गोल नहीं कर पाए और सामने खेल रही लॉर्ड्स यूनिवर्सिटी,अलवर के खिलाडी एक गोल करके विजेता घोषित हुए।
