नोहर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोहर पुलिस ने एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नोहर निवासी 21 वर्षीय जायद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नोहर थानाधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में रविवार शाम को यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी जायद के कब्जे से 58.85 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की। इसके अतिरिक्त, 645 प्रेगाबलिन कैप्सूल और 280 टेपेंडॉल टैबलेट भी जब्त की गईं। ये दवाइयां डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना रखना और बेचना प्रतिबंधित है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और खुदरा स्तर पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस उसके संपर्कों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच गोलूवाला थाना प्रभारी तेजवंत सिंह को सौंपी गई है।
