हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने दस किलोग्राम से अधिक चूरा पोस्त बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गश्त के दौरान चक 14 केएसपी के नजदीक की गई। पुलिस के अनुसार टाउन थाना की एसआई ज्योति के नेतृत्व में गठित टीम सुबह गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम चक 14 केएसपी से गांव मुण्डा की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंची तो एक युवक पैदल-पैदल जाता दिखाई दिया। पुलिस गाड़ी देखकर उक्त युवक घबरा गया और झाड़ियों की तरफ छिपने का प्रयास करने लगा। शक होने पर टीम ने युवक को डिटेन कर पूछताछ की तो उसकी पहचान मनजिन्द्र सिंह (30) पुत्र फौजा सिंह रायसिख निवासी वार्ड 15, ख्यालीराम वाली ढाणी, गांव सूरेवाला पीएस टिब्बी के रूप में हुई। टीम ने युवक के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें रखी प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में 10 किलो 30 ग्राम चूरा पोस्त भरा हुआ था। टीम ने पोस्त बरामद कर मौके से मनजिन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई मोहर सिंह को सौंपी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई ज्योति, एएसआई राजाराम, हैड कांस्टेबल कुलदीप, कांस्टेबल पवन कुमार व कालूराम शामिल रहे।
