हनुमानगढ़। राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव्ज यूनियन (आरएमएसआरयू) हनुमानगढ़ इकाई का वार्षिक अधिवेशन टाउन स्थित सीटू भवन में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में राज्य स्तर के नेता संजीव धमीजा, गोपाल मिगलानी, आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रताप सिंह शेखावत, स्टेट कमेटी सदस्य दीपक शर्मा एवं बहादुर सिंह चौहान ने शिरकत की। अधिवेशन के दौरान यूनियन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।


इसमें नीरज पारिक को सचिव, अरुण गर्ग व भूमेश चौधरी को संयुक्त सचिव, राजेन्द्र सुथार को कोषाध्यक्ष तथा सुनील कालड़ा को संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा सीएससी कन्वीवर विनोद गोयल, जॉइंट सीएससी महेश, वेटनरी कन्वीवर तरुण बंसल, जॉइंट वेटनरी कन्वीवर पुरुषोत्तम बंसल तथा मीडिया प्रभारी मनदीप को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों का यूनियन सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

अधिवेशन में पूर्व सचिव नवीन गौतम को सेवानिवृत्ति पर साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। यूनियन नेताओं ने उनकी ओर से लंबे समय तक दी गई समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। इस दौरान 12 फरवरी को फाइट फॉर राइट आंदोलन के तहत प्रस्तावित ऑल इंडिया हड़ताल पर भी चर्चा की गई। यूनियन ने पचास साल पुराने एसपी एक्ट को समाप्त करने के प्रयासों और उसकी जगह लाए जा रहे चार नए श्रम कानूनों का विरोध तेज करने का निर्णय लिया तथा सरकार से एसपी एक्ट को यथावत रखने की मांग की।

इस मौके पर पूर्व सचिव नवीन गौतम ने कहा कि वे शुरू से ही यूनियन से जुड़े रहे हैं और कोषाध्यक्ष व सचिव पद पर रहते हुए सदैव वरिष्ठों के निर्देशानुसार कार्य किया। उन्होंने नई कार्यकारिणी से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील करते हुए कहा कि चार नए लेबर कोड का विरोध केवल संगठन की एकता से ही संभव है।
