ऐलनाबाद। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों की याद में शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय के प्रांगण में 2 मिनट का मौन धारण किया गया। इसी प्रकार जिला के सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौन धारण कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत, एसडीएम राजेन्द्र कुमार, जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, जिला खजाना अधिकारी नरेंद्र ढुल, डीआरओ संजय बिश्रोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उनका बलिदान हमें देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश के विकास और एकता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी प्रकार एसडीएम ऐलनाबाद कार्यालय में भी एसडीएम पारस भागोरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्यालय के प्रांगण में दो मिनट का मौन धारण कर वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
