संगरिया। जिले में नशा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 59 किलो 230 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ एक कार सवार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, हथियारों, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एएसपी अरविन्द बिश्नोई एवं वृताधिकारी संगरिया रमेश माचरा के सुपरविजन तथा थाना अधिकारी पुलिस थाना संगरिया अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिपुरा जोतावाली रोड पर गश्त व नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 59 किलो 230 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी श्यामाराम पुत्र डूंगरराम सुथार (25), निवासी भोमासर, पुलिस थाना पांचौड़ी, जिला नागौर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जांच पुलिस थाना तलवाड़ा झील थानाधिकारी जगदीश सिंह की ओर से की जा रही है। कार्रवाई में डीएसटी टीम हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में एसआई प्रमोद सिंह, एएसआई श्रवण कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, सीताराम व मनोज शामिल रहे।
