हनुमानगढ़। हरियाणा नम्बर की कार के जरिए मादक पदार्थ हेरोइन की तस्करी करते दो युवक गोगामेड़ी थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गोगामेड़ी थाना प्रभारी चन्द्रकला के नेतृत्व में टीम शुक्रवार को दोपहर बाद थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम रोही खचवाना में खचवाना से गुसाईंना जाने वाली रोड पर पहुंची तो कार नम्बर एचआर 24 यू 1506 आती दिखाई दी। कार में दो व्यक्ति सवार थे। टीम ने कार को रुकवाकर सवारों से पूछताछ की तो उनकी पहचान सोनपाल (32) पुत्र मनीराम स्वामी निवासी वार्ड 23, गांव नेठराना व राकेश उर्फ धोलू (25) पुत्र भगताराम निवासी वार्ड एक, गांव नेठराना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान अनके कब्जे से पॉलीथिन की पारदर्शी थैली में भरी 6.43 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिली। टीम ने हेरोइन बरामद कर सोनपाल व राकेश उर्फ धोलू को गिरफ्तार किया। कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। अनुसंधान भिरानी थाना प्रभारी हनुमान प्रसाद कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी चन्द्रकला, एएसआई भंवरलाल, कांस्टेबल कुलदीप, मोनू, रोहिताश व राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।
