हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को टाउन स्थित सुभाष चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ‘बेबी’ ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आमजन की समस्याओं को उठाया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आमजन की परेशानियों से पूरी तरह बेखबर है। ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ‘बेबी’ ने कहा कि शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। कई स्थानों पर गैस की समय पर आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, अन्यथा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। पूर्व पंचायत समिति प्रधान दयाराम जाखड़ ने कहा कि महंगाई का असर गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग पर पड़ रहा है।

खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी हो रही हैं, जिससे किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की स्थिति कठिन हो गई है। पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के बजाय केवल घोषणाएं की जा रही हैं, जिससे जनता को कोई राहत नहीं मिल रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चंदड़ा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आमजन की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। वहीं पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी और जब तक राहत नहीं मिलती आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ‘बेबी’, देहात ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चंदड़ा, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजने की भी बात कही।
