हनुमानगढ़। स्थानीय अनाज मंडी में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के षष्ठम दिन भक्ति, अध्यात्म और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन हुआ, वहीं समाज सुधार की दिशा में संस्थान की पहल ‘अंतर्क्रान्ति’ प्रोजेक्ट की भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान रमन गर्ग, भगवान दास गर्ग, निपुण गर्ग, विकास गर्ग और सुरेन्द्र गर्ग ने सपरिवार व्यास पीठ का विधिवत पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके बाद कथा व्यास साध्वी सुश्री भाग्यश्री भारती जी ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने विशेष रूप से ‘नानी बाई का मायरा’ प्रसंग को अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी शैली में प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। साध्वी भाग्यश्री भारती जी ने अपने प्रवचन में कहा कि जब कोई भक्त पूर्ण श्रद्धा और समर्पण के साथ प्रभु को पुकारता है, तो भगवान स्वयं उसकी लाज रखने के लिए किसी न किसी रूप में प्रकट हो जाते हैं। उन्होंने भक्ति के महत्व को बताते हुए कहा कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती।

कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पांडाल ‘राधे-कृष्ण’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान हो गया। कथा के दौरान दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के प्रतिनिधियों ने ‘अंतर्क्रान्ति’ प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एक अनूठी सामाजिक पहल है, जिसके माध्यम से जेलों में बंद कैदियों के मानसिक और आध्यात्मिक परिवर्तन पर कार्य किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत कैदियों को ‘ब्रह्म ज्ञान’ के माध्यम से आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान की जाती है।

साथ ही उनके कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जाता है, ताकि सजा पूरी होने के बाद वे एक सम्मानजनक जीवन जी सकें और समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। इस पहल की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में विष्णु दत्त शर्मा (सचिव, कृषि उपज मंडी), सुरेन्द्र सिंह यादव (आयुक्त, नगर परिषद), पार्षद गौरव जैन, जयदीप सिंह मान, मनोज कुमार उर्फ बंटी, आरएसएस नगर प्रचारक अजय, मुकेश मित्तल, राजेन्द्र चौधरी, उम्मेद सिंह, सशक्त नारी संस्थान की अध्यक्ष मिताली अग्रवाल और सरोज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कथा के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने लंगर-भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

संस्थान की ओर से क्षेत्रवासियों को जानकारी दी गई कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन सांय 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया गया है।

