हनुमानगढ़। नोहर कस्बे में एक छात्रा की मेहनत और लगन ने नया इतिहास रच दिया। टेस्ला पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा पल्लवी ने 99.17 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पल्लवी के पिता सुरेश कुमार उसी स्कूल में बस ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सरोज गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली पल्लवी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। पल्लवी ने बताया कि उनका सपना यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और समर्पण बेहद जरूरी है। रिजल्ट घोषित होते ही टेस्ला पब्लिक स्कूल में जश्न का माहौल बन गया। स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रंग-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर पल्लवी को बधाई दी। विद्यालय के निदेशक कुलदीप गौड़ ने बताया कि पल्लवी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का ही परिणाम है कि उसने यह शानदार सफलता प्राप्त की है। वहीं पल्लवी के पिता सुरेश कुमार ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व है और वे चाहते हैं कि पल्लवी अपनी रुचि के अनुसार आगे पढ़ाई कर जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करे।
