हनुमानगढ़। पुलिस थाना संगरिया में दर्ज एक मामले की जांच बदलने की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने जिला पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और प्रभाव के कारण आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में देरी की जा रही है। प्रार्थना पत्र के अनुसार प्रार्थी निवासी गांव नुकरा, तहसील संगरिया ने बताया कि उसने 22 मार्च 2026 को पुलिस थाना संगरिया में प्रथम सूचना रिपोर्ट संख्या 138/2026 दर्ज करवाई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3), 352, 115(2), 74 व 189(2) के तहत जसविंदर सिंह सहित अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था। प्रार्थी का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के आर्थिक व राजनीतिक प्रभाव के कारण जांच प्रभावित हो रही है। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अनुसंधान अधिकारी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ने की मांग की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की गई। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि वर्तमान जांच अधिकारी द्वारा उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसलिए प्रार्थी ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि एफआईआर संख्या 138/2026 की जांच किसी अन्य निष्पक्ष और ईमानदार पुलिस अधिकारी या अन्य थाने को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
